पिथौरागढ़, 12 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर बृहस्पतिवार को जनसभा में मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैश जलाकर हांगझोउ एशियाई खेलों में पदक हासिल करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों का अभिनंदन किया ।
अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे में यहां जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आज खेलों के क्षेत्र में भी दुनिया भारत का दम देख रही है और हाल में संपन्न एशियाई खेलों में भारत ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ते हुए पहली बार 100 से ज्यादा पदक हासिल किए ।
उन्होंने कहा कि इन एशियाई खेलों में उत्तराखंड के आठ बेटे—बेटियों ने भी अपना दम दिखाया जहां बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की मौजूदगी वाली टीमों ने भी पदक देश को दिए ।
मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों ने कमाल किया है तो उनके लिए सब लोग अपने हाथ उपर कर अपने मोबाइल फोन का फ्लैश चालू कर खिलाड़ियों का अभिनंदन कीजिए ।
उनके कहते ही लोगों ने मोबाइल फोन के फ्लैश आन कर दिए । इस पर प्रधानमंत्री ने उनका आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप लोगों ने आज यहां एक नया रंग भर दिया । उन्होंने कहा,’ ‘यह हमारे उत्तराखंड के बच्चों का अभिवादन है । हमारे खिलाड़ियों का अभिवादन है ।’
मोदी ने कहा कि भारत के खिलाड़ी देश दुनिया में अपना परचम लहराएं, इसके लिए सरकार खिलाड़ियों की पूरी मदद कर रही है और उनके खाने—पीने से लेकर आधुनिक प्रशिक्षण पर करोड़ों रूपए खर्च कर रही है ।
उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य सेन विजयी होता है तो उनका परिवार उनके लिए अल्मोड़ा की बाल मिठाई लेकर आता है ।
मोदी ने कहा कि सरकार जगह—जगह खेल के मैदान बनवा रही है ताकि खिलाड़ियों को खेलने के लिए दूर नहीं जाना पड़े । इस संबंध में उन्होंने कहा कि आज ही हल्द्वानी में हॉकी ग्राउंड और रूद्रपुर में वेलो ड्रोम स्टेडियम का शिलान्यास किया गया है जिसका लाभ उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा ।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और उनकी टीम को भी बधाई दी कि वे 2024 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं ।
भाषा दीप्ति दीप्ति पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
