scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलआईएमएल : तेंदुलकर का अर्धशतक बेकार गया, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया

आईएमएल : तेंदुलकर का अर्धशतक बेकार गया, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया

Text Size:

वडोदरा, छह मार्च (भाषा) महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की 64 रन की अर्धशतकीय पारी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने यहां अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स लीग (आईएमएल) मुकाबले में भारत को 95 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दिया।

तेंदुलकर ने 33 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से खेली गई पारी भी भारत लिए काम नहीं आ सकी और 270 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम 20 ओवर में 174 रन पर ढेर हो गई। यूसुफ पठान ने 15 गेंद में तीन चौके और एक छक्के से 25 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया के लिए यह प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें कप्तान शेन वॉटसन (नाबाद 110) और बेन डंक (नाबाद 132) ने दूसरे विकेट के लिए 236 रन की साझेदारी की जिससे टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में एक विकेट पर 269 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

भारतीय टीम के कप्तान तेंदुलकर ने अपनी टीम के लिए अकेले संघर्ष किया और विकेट के दोनों ओर शानदार शॉट लगाए लेकिन उनका ही प्रयास काफी नहीं था।

तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण का डटकर सामना करते हुए 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत ने तीन विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए थे लेकिन उसे लगातार अंतराल पर विकेट गंवाने का खामियाजा भुगतना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर जेवियर डोहर्टी ने अपने चार ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि बेन हिल्फेनहॉस, बेन लॉफलिन, ब्राइस मैकगेन, डैन क्रिश्चियन और नाथन रियरडन ने एक-एक विकेट लिया।

भारत की यह चार मैच में पहली हार है और इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा क्योंकि तेंदुलकर की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

इससे पहले डंक ने भी आक्रामक खेल दिखाया, उन्होंने 10 छक्के और 12 चौके की मदद से मात्र 53 गेंद में नाबाद 132 रन बनाए।

वॉटसन ने 52 गेंद की अपनी पारी में 12 चौके और सात छक्के लगाए।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments