scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलआईसीसी रैंकिंग : अश्विन संयुक्त चौथे स्थान पर, अय्यर 10 पायदान चढे

आईसीसी रैंकिंग : अश्विन संयुक्त चौथे स्थान पर, अय्यर 10 पायदान चढे

Text Size:

दुबई, 28 दिसंबर ( भाषा ) बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में दूसरे टेस्ट में भारत की जीत के सूत्रधार रहे रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर आईसीसी रैंकिंग में क्रमश: चौथे और 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं ।

मैच में छह विकेट लेने वाले अश्विन एक पायदान चढकर गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं । उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 42 रन बनाये थे जिसकी मदद से वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान चढकर 84वें स्थान पर पहुंच गए ।

अतीत में नंबर एक गेंदबाज और हरफनमौला रह चुके अश्विन ने हरफनमौलाओं की रैंकिंग में सात रेटिंग अंक हासिल किये । रविंद्र जडेजा हरफनमौलाओं की रैंकिंग में 369 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर हैं जबकि अश्विन के 343 अंक हैं ।

अश्विन के साथ 71 रन की अटूट साझेदारी करने वाले अय्यर कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 16वीं रैंकिंग पर पहुंच गए ।

प्लेयर आफ द सीरिज रहने के बावजूद चेतेश्वर पुजारा तीन पायदान गिरकर 19वें स्थान पर हैं जबकि विराट कोहली दो पायदान गिरकर 14वें स्थान पर आ गए ।

बल्लेबाजों में ऋषभ पंत छठे स्थान पर हैं जबकि गेंदबाजों में उमेश यादव 33वें स्थान पर हैं ।

बांग्लादेश के बल्लेबाज लिटन दास कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 12वीं रैंकिंग पर पहुंच गए जबकि मोमिनुल हक 68वें, जाकिर हसन 70वें और नुरूल हसन 93वें स्थान पर हैं ।

स्पिनर तैजुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज को दो दो पायदान का फायदा हुआ है और वे 28वें तथा 29वें स्थान पर हैं ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments