कोलंबो, पांच फरवरी (भाषा) श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टी20 विश्व कप से पहले बल्लेबाजी सलाहकार विक्रम राठौड़ के टीम से जुड़ने की तारीफ करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनके आक्रामक रवैया अपनाने पर जोर देने से बल्लेबाजों को ज्यादा स्वछंदता से खेलने में मदद मिली है।
श्रीलंका रविवार को आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप का अपना पहला मैच खेलेगा।
राठौड़ ने भारत के साथ अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान टीम को 2024 टी20 विश्व कप जीतने में मदद की थी। उन्हें पिछले महीने आईसीसी टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका का बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया।
भाग लेने वाली टीमों के सात अन्य कप्तानों के साथ ‘कैप्टन्स डे’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शनाका ने कहा, ‘‘विक्रम राठौड़ का हमारी टीम से जुड़ना अच्छा है। उनका ज्ञान और उनका स्वभाव इस तरह का है, वह हमेशा चाहते थे कि हम आक्रामक होकर खेलें जिससे ज्यादातर खिलाड़ियों को खुद को स्वच्छंद बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है जो मुझे सच में पसंद है। उनका टीम से जुड़ना अच्छा है। ’’
साल की शुरुआत से घरेलू मैदान पर खराब प्रदर्शन के बाद शनाका और उनके खिलाड़ी दबाव में आ गए। श्रीलंका जनवरी की शुरुआत में टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में पाकिस्तान से 1-2 से हार गया था और इस हफ्ते की शुरुआत में खत्म हुई दोनों सफेद गेंद की श्रृंखला में इंग्लैंड से बुरी तरह हार गया था।
दोनों श्रृंखला में श्रीलंका की बल्लेबाजी इकाई को संघर्ष करना पड़ा। हालांकि कप्तान ने अपने बल्लेबाजों का बचाव किया।
शनाका ने कहा, ‘‘बल्लेबाजों में कोई कमी नहीं दिखती, यह हमेशा विकेट और खेले गए शॉट के चुनाव पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा कि विश्व कप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होगा।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
