भुवनेश्वर, 21 मार्च (भाषा) हरियाणा ने 17 से 21 मार्च तक यहां आयोजित 24वीं राष्टीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 95 पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान हासिल किया।
हरियाणा ने 39 स्वर्ण, 31 रजत और 25 कांस्य पदक जीते।
तमिलनाडु कुल 51 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा जिसमें 14 स्वर्ण, 20 रजत और 17 कांस्य पदक शामिल थे। गुजरात ने 14 स्वर्ण, 11 रजत और पांच कांस्य से 30 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।
मेजबान राज्य ओडिशा कुल 17 पदकों के साथ नौवें स्थान पर रहा जिसमें पांच स्वर्ण पदक शामिल थे।
इस प्रतियोगिता में 28 राज्यों के साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सेना खेल नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) की टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 1,460 पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया।
पुरुषों की चक्का फेंक एफ11 स्पर्धा में हरियाणा के मोनू घांगस ने 35.05 मी के थ्रो से स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने राजस्थान के प्रवीण शर्मा (33.69) और आंध्र प्रदेश के नीलम संजय रेड्डी (31.34) को पीछे छोड़ा।
पुरुषों की चक्का फेंक एफ51–एफ52–एफ53 स्पर्धा में, उत्तर प्रदेश के राम रतन सिंह ने 11.98मी की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता; उनके बाद हरियाणा के प्रणव सूरमा (10.97मी) और धरमबीर (9.61मी) रहे।
महिलाओं की लंबी कूद टी11–टी12 स्पर्धा में गुजरात की दामोर तेजलबेन अमराजी ने 4.95 मी की कूद के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि ओडिशा की जानकी ओराम और दिल्ली की शिवानी त्यागी ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।
भाषा नमिता पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
