कल्याणी (पश्चिम बंगाल), आठ फरवरी (भाषा) सुदीप कुमार घरामी ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल के तीसरे दिन अपने करियर की यादगार पहली दोहरी शतकीय पारी खेली जिससे बंगाल ने स्टंप तक पहली पारी में 123 रन की अहम बढ़त हासिल की।
घरामी ने जबरदस्त संयम का परिचय देते हुए 451 गेंदों का सामना कर नाबाद 216 रन बना लिए हैं। इस तरह उन्होंने आंध्र के पहली पारी में 295 रन के जवाब में बंगाल को छह विकेट पर 418 रन तक बनाने में मदद की और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दाएं हाथ के 26 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी लंबी पारी के दौरान 27 चौके लगाए। उनकी यह मैराथन पारी शुरुआती झटकों से जूझ रही बंगाल की टीम के लिए अहम साबित हुई जिसने आंध्र को लगभग मुकाबले से बाहर कर दिया।
पहली पारी की बढ़त हासिल कर चुकी बंगाल ड्रॉ की स्थिति में भी सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकती है। लेकिन अब वह चौथे दिन और रन जोड़कर आंध्र को पूरी तरह मैच से बाहर करने की कोशिश करेगी।
आंध्र के लिए अब वापसी किसी चमत्कार से कम नहीं होगी। वहीं बंगाल का सेमीफाइनल के करीब पहुंच चुका है।
बंगाल ने तीसरे दिन की शुरुआत बंगाल ने पांच विकेट पर 199 रन से की थी। घरामी रात के 112 रन और सुमंत गुप्ता 22 रन पर खेल रहे थे।
घरामी ने आंध्र के तेज और स्पिन दोनों आक्रमणों का बेहद सहजता से सामना किया। घरामी ने छठे विकेट के लिए गुप्ता के साथ 165 रन की अहम साझेदारी की। गुप्ता ने संयमित 81 रन बनाए।
इसके बाद घरामी को विकेटकीपर हबीब गांधी का अच्छा साथ मिला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए अटूट 100 रन की साझेदारी करते हुए बंगाल को 400 रन के पार पहुंचाया।
तीसरे दिन स्टंप तक गांधी 45 रन बनाकर नाबाद थे। मैच में अभी दो दिन का खेल बाकी है।
आंध्र ने अपनी पहली पारी में 295 रन बनाए थे जिसमें कप्तान रिकी भुई ने 83 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। बंगाल की ओर से मुकेश कुमार ने पांच और आकाश दीप ने चार विकेट झटके जबकि मोहम्मद शमी ने एक विकेट हासिल किया।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
