scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमखेलदिल्ली कैपिटल्स के क्षेत्ररक्षण कोच बने आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी

दिल्ली कैपिटल्स के क्षेत्ररक्षण कोच बने आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्होंने आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी को 28 मार्च से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए अपना क्षेत्ररक्षण कोच नियुक्त किया है।

मूनी (44 साल) किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनने वाले पहले आयरिश क्रिकेटर हैं। वह मुख्य कोच हेमांग बदानी, मुनाफ पटेल (गेंदबाजी कोच), इयान बेल (सहायक कोच) और वेणुगोपाल राव (क्रिकेट निदेशक) के साथ जुड़ेंगे।

मूनी 2018-2019 तक अफगानिस्तान के क्षेत्ररक्षण कोच थे और भारत में उनके ऐतिहासिक टेस्ट पदार्पण का हिस्सा रहे थे।

उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के साथ भी काम किया था और पिछले साल आयरलैंड की महिला टीम के साथ भी कुछ समय के लिए जुड़े रहे थे।

बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मूनी ने 2006 से 2015 के बीच आयरलैंड के लिए 64 वनडे और 27 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। 2015 में संन्यास लेने से पहले उन्होंने तीन वनडे विश्व कप (2007, 2011 और 2015) और दो टी20 विश्व कप (2009 और 2010) में हिस्सा लिया था।

पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स पांचवें स्थान पर रही थी और प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments