scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमखेलआईएसएल फाइनल के दौरान प्रशंसकों पर फेंके गये पटाखे, क्लब मालिक और समर्थक घायल: बेंगलुरु एफसी

आईएसएल फाइनल के दौरान प्रशंसकों पर फेंके गये पटाखे, क्लब मालिक और समर्थक घायल: बेंगलुरु एफसी

Text Size:

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु फुटबॉल क्लब (बीएफसी) ने मंगलवार को दावा किया कि पिछले सप्ताह मोहन बागान सुपर जायंट के खिलाफ इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फाइनल के दौरान घरेलू टीम के प्रशंसकों के एक वर्ग द्वारा उनके समर्थकों पर किए गए हमले में उसके मालिक पार्थ जिंदल भी ‘चोटिल’ हुए हैं।

क्लब ने दावा किया कि कोलकाता में खेले गये मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में एक जलता हुए पटाखा फेंका गया, जिसमें उसके एक समर्थक की आंख में चोट लग गयी।

बेंगलुरु की टीम अतिरिक्त समय तक चले इस खिताबी मुकाबले को 1-2 से हार गयी थी।  उसने अपने प्रशंसकों पर हुए हमले की अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

बीएफसी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ बेंगलुरु एफसी अपने समर्थकों पर घरेलू प्रशंसकों के एक वर्ग द्वारा किए गए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता है। शनिवार को कोलकाता में मोहन बागान सुपर जायंट के खिलाफ आईएसएल फाइनल के दौरान स्टैंड में एक जलता हुआ पटाखा फेंका गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना में बीएफसी के एक समर्थक की आंख में चोट लग गई, जिसका इलाज कराना पड़ा। इसमें क्लब के मालिक पार्थ जिंदल सहित अन्य समर्थकों को जलन और चोटें आईं हैं।’’

क्लब ने एआईएफएफ और आईएसएल आयोजकों एफएसडीएल से स्टेडियमों में प्रशंसकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘क्लब ने एआईएफएफ और एफएसडीएल को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। हम महासंघ और लीग के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि इस घटना की जांच हो और स्टेडियमों में प्रशंसक सुरक्षा मानदंडों के लिए एक मिसाल कायम हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की हरकतें न केवल जान को खतरे में डालती हैं बल्कि हमारे शानदार खेल की मूल भावना के भी खिलाफ हैं। स्टेडियम प्रशंसकों के लिए हमेशा सुरक्षित स्थान होने चाहिए। इस तरह की हरकतों का फुटबॉल या कहीं भी कोई स्थान नहीं है।’’

मोहन बागान सुपर जायंट ने 12 अप्रैल को बेंगलुरु एफसी को रोमांचक फाइनल में 2-1 से हराकर खिताबी डबल पूरा किया। टीम ने इससे पहले तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लीग शील्ड का खिताब सुनिश्चित किया था।

मोहन बागान सुपर जायंट इस कारनामे को करने वाली दूसरी टीम है। इससे पहले मुंबई सिटी ने 2020-21 सत्र में लीग शील्ड और आईएसएल चैंपियनशिप को अपने नाम किया था।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments