नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) अमेरिका और इजराइल के ईरान पर किए गए हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में हुए व्यवधान के बाद इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम इस सप्ताहांत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा मुहैया कराई गई चार्टर उड़ानों से भारत से रवाना होंगी।
एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारत से हारने वाली इंग्लैंड टीम के शनिवार शाम को मुंबई से लंदन के लिए सीधी उड़ान से रवाना होने की उम्मीद है।
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका अन्य दो टीमें हैं जो अपना अभियान समाप्त होने के बावजूद अब भी भारत में हैं।
वेस्टइंडीज की टीम भारत से पांच विकेट से हारने के बाद टी20 विश्व कप से बाहर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी बुधवार को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार के साथ समाप्त हो गया।
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों कोलकाता से एक अन्य चार्टर उड़ान से यात्रा करेंगे। दोनों टीमें पहले जोहानिसबर्ग जाएंगी जिसके बाद वेस्टइंडीज का दल एंटीगा के लिए आगे जाएगा।
उड़ान का सटीक समय अभी तय नहीं हुआ है लेकिन इसके रविवार को रवाना होने की उम्मीद है।
दक्षिण अफ्रीका के दल का एक हिस्सा 15 मार्च से शुरू होने वाले सीमित ओवरों के दौरे के लिए रविवार को न्यूजीलैंड रवाना होगा जिसमें टीम प्रबंधन के सदस्य और खिलाड़ी केशव महाराज, जेसन स्मिथ और जॉर्ज लिंडे शामिल हैं।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की थी कि टीम को घर वापस भेजने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण टीम चार दिन से ज्यादा समय से शहर में फंसी हुई है।
उसने अपने बयान में कहा, ‘‘उच्च स्तरीय बैठक में यह पुष्टि हुई कि टीम को भारत से रवाना करने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है और अगले 24 घंटों के भीतर उड़ान भरने की उम्मीद है। इस बैठक में क्रिकेट वेस्टइंडीज, आईसीसी के अधिकारी, टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों के प्रतिनिधि शामिल थे ’’
उन्होंने यह भी कहा कि उड़ान का समय एयर ट्रैफिक की मंजूरी पर निर्भर करेगा। इसमें कहा गया, ‘‘टीम सुरक्षित है और सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। ’’
इस घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए लिखा था कि वह ‘‘बस घर जाना चाहते हैं। ’’
बाद में उन्होंने अपडेट मिलने पर लिखा, ‘‘अपडेट मिल गया। वेस्टइंडीज को बस यही चाहिए था। ’’
भाषा नमिता पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
