(मोना पार्थसारथी)
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) बास डि लीडे के 48 गेंद में नाबाद 72 रन और दो विकेट की मदद से नीदरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में मंगलवार को यहां नामीबिया को सात विकेट से हराया ।
टॉस जीतकर नामीबिया को बल्लेबाजी के लिये भेजने वाली नीदरलैंड की टीम ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उसे आठ विकेट पर 156 रन पर रोक दिया ।
डि लीडे ने तीन ओवर में 20 रन देकर और लोगान वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो दो विकेट लिये ।
जवाब में डि लीडे ने 48 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी के दम पर नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाये । डि लीडे ने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े और कोलिन एकेरमैन (28 गेंद में 32 ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी भी की । उन्हें हरफनमौला प्रदर्शन के लिये प्लेयर आफ द मैच चुना गया ।
टी20 विश्व कप का अरूण जेटली स्टेडियम पर यह पहला मैच था लेकिन स्कूल की परीक्षा का समय और सप्ताह के बीच में होने से मैदान खाली ही पड़ा रहा । इसी मैदान पर 12 फरवरी को भारतीय टीम नामीबिया से खेलेगी ।
नीदरलैंड की शुरूआत हालांकि खराब रही थी और तीसरे ही ओवर मैक्स ओ डाउड (सात) को बर्नार्ड शोल्ज ने पवेलियन भेजा । माइकल लेविड भी 15 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो गए जिसके बाद डि लीडे और एकेरमैन ने टीम को जीत तक पहुंचाया ।
इससे पहले नामीबिया के लिये लोफ्टी इटोन (38 गेंद में 42 रन ) और सलामी बल्लेबाज जान फ्रायलिंक (26 गेंद में 30 रन ) ने दूसरे विकेट के लिये 50 रन की साझेदारी की। इनके अलावा जेजे स्मिट ने 15 गेंद में 22 रन बनाये ।
वहीं नीदरलैंड के लिये डि लीडे के अलावा वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो और स्पिनर आर्यन दत्त ने तीन ओवर में 13 रन देकर एक विकेट चटकाया ।
दत्त ने नयी गेंद से शुरूआत करते हुए बेहद किफायती पहला ओवर डाला जिसमें सिर्फ चार रन बने । दूसरे ओवर में लॉरेन स्टीनकेम्प ने वान बीक को चौका जड़कर हाथ खोलने की कोशिश की लेकिन अगले ओवर में दत्त ने उन्हें पवेलियन भेजकर नीदरलैंड को पहली सफलता दिलाई ।
बाहर की ओर जाती गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट पर खेलने के प्रयास में स्टीनकेम्प चूके लेकिन विकेट के पीछे स्कॉट एडवडर्स ने मुस्तैदी से स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की । इस समय स्कोर बोर्ड पर सिर्फ दस रन टंगे थे ।
सलामी बल्लेबाज फ्रायलिंक ने चौथे ओवर में फ्रेड क्लासेन को पहले शॉर्ट मिडविकेट पर चौका और फिर गेंदबाज के ऊपर से छक्का लगाकर 11 रन लिये । दूसरे छोर से हालांकि दत्त ने किफायती गेंदबाजी का सिलसिला जारी रखते हुए सिर्फ पांच रन दिये ।
पावरप्ले के छह ओवर में नामीबिया का स्कोर एक विकेट पर 40 रन था । कोलिन इकेरमैन को छठे ओवर में इटोन ने एक छक्का और फ्रायलिंक ने चौका लगाया । इटोन और फ्रायलिंक के बीच खतरनाक होती दिख रही साझेदारी को वान बीक ने तोड़ा जिन्होंने फ्रायलिंक को विकेट के पीछे लपकवाया । दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिये 50 रन जोड़े।
दो विकेट गिरने के बाद दबाव को हटाते हुए इटोन ने टिम वान डेर गुगटेन को 12वें ओवर में अच्छी नसीहत देते हुए 16 रन निकाले । पहले मिडविकेट पर छक्का लगाने के बाद दो चौके जड़कर उन्होंने रनगति को बढाया ।
नामीबिया के 100 रन 13 . 1 ओवर में बने ।
कप्तान गेरहार्ड इरास्मस कुछ खास नहीं कर सके और नौ गेंद में 18 रन बनाकर बास डि लीडे की गेंद पर मिडविकेट में दत्त को कैच दे बैठे । वहीं एक छोर पर डटकर खेल रहे इटोन भी अर्धशतक से चूक गए और 38 गेंद में एक चौके तथा दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर वान बीक का शिकार हुए ।
नये बल्लेबाज जेजे स्मिट ने 16वें ओवर में वान डेर को दो छक्के लगाकर 16 रन लिये लेकिन अगले ओवर में डि लीडे की गेंद पर विकेट गंवा बैठे । उन्होंने 15 गेंद में 22 रन की पारी खेली ।
नामीबिया ने तीसरा पचासा छह ओवर में पूरा किया ।
भाषा मोना पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
