देहरादून, पांच फरवरी (भाषा) राष्ट्रमंडल खेल 2022 में महिला फोर्स लॉन बॉल्स स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा लवली चौबे और रूपा तिर्की ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में झारखंड को सोने का तमगा दिलाया जबकि बलराज पंवार ने शीर्ष नौकायन खिलाड़ी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की।
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्काटोचून्गो ने खेलों का अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पुरुषों की टाइम ट्रायल एक किमी स्पर्धा जीती। वह मंगलवार को स्प्रिंट में भी शीर्ष पर रहे थे।
खेलों के आधा चरण पूरा करने के बाद कर्नाटक 28 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक सहित कुल 54 पदक के साथ शीर्ष पर है।
बुधवार को छह स्वर्ण पदक जीतने वाली सेना 27 स्वर्ण, 10 रजत और नौ कांस्य पदक जीतकर कुल 46 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। मध्य प्रदेश 34 पदक (17 स्वर्ण, 7 रजत, 10 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया। महाराष्ट्र (16 स्वर्ण, 35 रजत, 31 कांस्य) और हरियाणा (12 स्वर्ण, 19 रजत, 20 कांस्य) पदक तालिका में शीर्ष पांच में शामिल हैं।
झारखंड ने लॉन बॉल्स प्रतियोगिता के पांचवें दिन महिला फोर्स फाइनल में पश्चिम बंगाल को 18-8 से हराया।
लवली और रूपा के अलावा झारखंड की टीम की दो अन्य सदस्य रेशमा कुमारी है और कविता कुमारी हैं।
झारखंड ने बुधवार को लॉन बॉल्स में तीन स्वर्ण पदक जीते। दिनेश कुमार और सुनील बहादुर की झारखंड की पुरुष जोड़ी ने बिश्वजीत खोंड और बिमान नाथ की जोड़ी को फाइनल में 25-4 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
झारखंड को तीसरा स्वर्ण बसंती कुमारी ने दिलाया जिन्होंने महिला अंडर-25 फाइनल में असम की सुरंजना बरुआ को 21-20 से शिकस्त दी।
दिल्ली के अनंत शर्मा, अपूर्व शर्मा और अभिषेक चुग ने झारखंड के आलोक लाकड़ा, अभिषेक लाकड़ा और प्रिंस महतो की टीम को फाइनल में 25-8 से हराकर पुरुष ट्रिपल स्पर्धा का स्वर्ण जीता।
महिला एकल में पश्चिम बंगाल की बीना शाह ने झारखंड की सरिता तिर्की को 21-8 से हराकर स्वर्ण अपनी झोली में डाला।
पुरुष अंडर-25 फाइनल में उत्तराखंड के उत्कृर्षित द्विवेदी ने असम के बिटू दास को 21-20 से हराकर सोने का तमगा अपने नाम किया।
पिछले साल चीन में एशियाई खेलों में कांस्य पदक से चूकने वाले पेरिस ओलंपियन बलराज पंवार ने पुरुषों की एकल स्कल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
हरियाणा में जन्मे पंवार ने यहां सेना के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए सात मिनट और 26.68 सेकेंड में दो किमी की दूरी पूरी कर अपने स्वर्ण पदक का बचाव किया।
उत्तराखंड के नवदीप सिंह (7:41.17) और महाराष्ट्र के गुरु प्रताप सिंह (8:04.01) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता।
दो बार के राष्ट्रीय चैंपियन पंवार ने पिछले साल हांग्झोउ एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था।
पंवार ने 2023 गोवा राष्ट्रीय खेलों में 6:28.5 के समय के साथ पुरुष एकल स्कल स्वर्ण जीता था।
मध्य प्रदेश को उभरती हुई नौकाचालक खुशप्रीत कौर ने 8:40.35 के समय के साथ महिला एकल स्कल में पहला स्वर्ण दिलाया। महाराष्ट्र की मृण्मयी नीलेश (8:47.65) और अंडमान और निकोबार की अमृता मिंज (8:48.18) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता।
हरियाणा की निशानेबाज सुरुची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 245.7 अंक के साथ महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।
हरियाणा की ही पलक ने 243.6 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया जबकि पंजाब की सिमरनप्रीत कौर बरार ने त्रिशूल निशानेबाजी रेंज में 218.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स में मध्य प्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर क्वालीफाइंग दौर के बाद 598 अंक के साथ शीर्ष पर रहे। स्पर्धा में 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिनमें से आठ ने फाइनल में जगह बनाई।
तोमर के अलावा सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) के चैन सिंह (594), नीरज कुमार (591) और निशान बुद्धा (589), महाराष्ट्र के स्वप्निल सुरेश कुसाले (588), उत्तर प्रदेश के अखिल श्योराण (587), मध्य प्रदेश के गोल्डी गुर्जर (587) और एसएससीबी के गंगा सिंह (587) ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स स्पर्धा का फाइनल बृहस्पतिवार को होगा।
तीरंदाजी में हरियाणा ने दो स्वर्ण जीते जबकि पंजाब, राजस्थान और दिल्ली ने एक-एक स्वर्ण पदक जीता।
राजस्थान के अनुभवी रजत चौहान ने कम्पाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि हरियाणा की दीपशिखा ने महिला वर्ग का खिताब जीता। कम्पाउंड महिला टीम का स्वर्ण पंजाब की परनीत कौर, अवनीत कौर, जसवीर कौर और राज कौर की चौकड़ी ने जीता जबकि पुरुष वर्ग में दिल्ली के अभिषेक वर्मा, प्रियांश, अमन सैनी और मधुर ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस बीच योगासन और मल्लखंभ को पदक खेलों के रूप में शामिल किया गया। यह निर्णय आयोजकों के अनुरोध पर लिया गया।
हल्द्वानी में पुरुषों की फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने सेमीफाइनल में नियमित समय के अंत में दोनों टीमों के 1-1 से बराबर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में दिल्ली को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में वह केरल से भिड़ेगा जिसने असम पर 3-2 से जीत दर्ज की
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.