मुल्लांपुर, 31 मार्च (भाषा) लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मध्य के ओवरों में गुजरात टाइटंस पर दबाव बनाने में मदद की जिससे पंजाब किंग्स ने मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच पर उसे छह विकेट पर 162 रन के स्कोर पर रोक दिया।
चहल ने चार ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट झटके जबकि तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाक ने 34 रन देकर तीन विकेट लिए।
बल्लेबाजी के इस फीके प्रदर्शन में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल (27 गेंदों में 39 रन) और जोस बटलर (33 गेंदों में 38 रन) ने योगदान दिया।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद गिल ने बेहतरीन लय में दिख रहे थे, उन्होंने चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी जिससे टीम तीन ओवरों में ही 35 रन तक पहुंच गई। इससे पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को गेंदबाजी में बदलाव करना पड़ा और उन्होंने लंबे कद के मार्को यानसन (चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) को आक्रमण पर लगाया।
इसका उन्हें तुरंत फायदा मिला। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यानसन ने साई सुदर्शन (13) को एक गेंद पर ऐसा शॉट खेलने पर मजबूर किया जो सीधे मिड-ऑफ की तरफ़ गया जहां अय्यर ने आसानी से कैच लपक लिया। इससे पंजाब की टीम को चौथे ओवर में पहली सफलता मिल गई।
फिर बटलर क्रीज़ पर आए। टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वापसी कर रहे इंग्लैंड के इस बल्लेबाज़ ने विशाक पर चौका जड़कर शानदार अंदाज में अपना खाता खोला।
बटलर ने यानसन की वाइड गेंद पर ‘कट शॉट’ से बैकवर्ड प्वाइंट की तरफ चौका जड़ा। इसके बाद उन्होंने मैच का पहला छक्का विशाक की गेंद को सीधे मैदान के ऊपर से उठाकर लगाया।
गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में एक विकेट पर 54 रन बना लिए थे। पंजाब की टीम ने शुरुआती ओवरों में रन लुटाने के बाद बाद के ओवरों में नियंत्रण पा लिया था।
चहल आठवें ओवर में गेंदबाजी करने आए। इस लेग स्पिनर का गिल के खिलाफ़ रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है, उन्होंने पिछले आईपीएल में गिल को तीन बार आउट किया था और इस बार भी उन्होंने इस सलामी बल्लेबाज को अपना शिकार बना लिया। गिल ने डीप मिड-विकेट की तरफ शॉट खेला और कैच आउट हो गए।
नए बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने चहल की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से जोरदार शॉट लगाकर छक्का जड़ा। इसके बाद बटलर ने जेवियर बार्टलेट कीगेंद को मिड-ऑन के ऊपर से मारकर एक और छक्का लगाया।
इसके बाद पंजाब किंग्स ने वापसी करते हुए नियंत्रण बना लिया।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
