नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) भारत के अंडर-15 बैडमिंटन खिलाड़ी बोर्निल आकाश चांगमाई ने रविवार को चीन के चेंगदू में बैडमिंटन एशिया अंडर-17 एवं अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप के फाइनल में फैन होंग जुआन को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
लड़कियों में अंडर-17 वर्ग के फाइनल में हालांकि तन्वी शर्मा की हार से भारत को निराशा हाथ लगी। तन्वी थाईलैंड की यतावीमिन केटक्लिएंग से 37 मिनट में 17-21, 21-11, 19-21 से हार गईं।
तन्वी, उन्नति हुडा के बाद अंडर-17 फाइनल में प्रवेश करने वाली केवल दूसरी भारतीय लड़की बनीं। उन्नति को पिछले साल फाइनल में शिकस्त मिली थी।
लड़कों के एकल फाइनल में बोर्निल ने चीन के 14 साल के खिलाड़ी को 34 मिनट में 21-19, 21-13 से शिकस्त दी।
तेरह बरस के बोर्निल सिरिल वर्मा (2013) के बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले भारत के दूसरे जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी बन गये हैं।
भाषा
आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
