वडोदरा, 26 नवंबर (भाषा) कप्तान भाविका अहीर के नाबाद अर्धशतक और उमा काशवी की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारत की अंडर-19 महिला टीम ने बृहस्पतिवार को यहां पांच मैच की टी20 शृंखला के शुरुआती मुकाबले में इंग्लैंड को 36 रन से हरा दिया।
भाविका ने 33 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन की पारी खेली। अचसा परमार ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने पांच विकेट पर 197 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। उसकी ओर से सृष्टि पाटिल ने 29 गेंद में आठ चौकों की मदद से 45 रन बनाए जबकि कप्तान जेनेवीव जियर ने 23 गेंद में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से काशवी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने तीन ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मैत्री मनियार ने भी 29 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
अन्य गेंदबाजों में अनादि तागड़े, पलक सिंह और निधि महतो ने एक-एक विकेट लिया।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.