चेन्नई, 23 अक्टूबर (भाषा) कप्तान बाबर आजम और सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक के अर्धशतकों की मदद से पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की स्पिन चौकड़ी की चुनौती से पार पाकर आईसीसी वनडे विश्व कप के मैच में सोमवार को यहां सात विकेट पर 282 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
पिछले कुछ मैचों में रन बनाने के लिए जूझने वाले बाबर ने 92 गेंद पर 74 रन बनाए जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल है। शफीक ने 75 गेंद पर 58 रन की पारी खेली जबकि शादाब खान (38 गेंद पर 40) और इफ्तिखार अहमद (27 गेंद पर 40) ने बाद के ओवरों में छठे विकेट के लिए 73 रन की उपयोगी साझेदारी की।
पिच स्पिनरों के अनुकूल थी और ऐसे में अफगानिस्तान ने चार स्पिनर अपनी अंतिम एकादश में शामिल किए थे। इनमें बाएं हाथ की कलाई के स्पिनर नूर अहमद सबसे सफल रहे। उन्होंने 49 रन देकर तीन विकेट लिए। तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने 52 रन देकर दो विकेट हासिल किए। ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी (31 रन देकर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की जबकि प्रमुख स्पिनर राशिद खान और मुजीब उर रहमान को कोई सफलता नहीं मिली।
पाकिस्तान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहले पावरप्ले के 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 56 रन बनाए। इसमें शफीक का योगदान महत्वपूर्ण रहा जिन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। उनके सलामी जोड़ीदार इमाम उल हक हालांकि केवल 17 रन बना पाए और पावरप्ले के तुरंत बाद मध्यम गति के गेंदबाज अजमत उमरजई (पांच ओवर में 50 रन देकर एक विकेट) की पहली गेंद पर मिडविकेट पर कैच दे बैठे।
बाबर और शफीक ने भी दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय (52 रन) साझेदारी की। नूर अहमद ने शफीक को पगबाधा आउट करके अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने इसके बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान (08) को शार्ट फाइन लेग पर कैच कराकर अफगानिस्तान को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।
बाबर जब बड़ी पारी खेलने की तरफ अग्रसर थे तब विश्व कप के सबसे युवा खिलाड़ी नूर अहमद ने उन्हें कवर में कैच आउट कराकर पाकिस्तान की डेथ ओवरों की रणनीति गड़बड़ाने की कोशिश की। इस बीच नबी ने सौद शकील ( 25) को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया।
शादाब और इफ्तिखार ने हालांकि अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए। नवीन अल हक ने इन दोनों को पारी के अंतिम ओवर में आउट किया। इफ्तिखार ने अपनी पारी में चार छक्के लगाए।
भाषा पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
