हांगझोउ (चीन) 16 सितंबर (भाषा) ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल का आगामी एशियाई खेलों के पहले एथलीट समिति चुनाव में दक्षिण एशिया क्षेत्र से निर्विरोध चुना जाना तय है।
एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) पहली बार एथलीट समिति के 10 सदस्यों को चुनने के लिए एथलीटों के बीच मतदान करा रही है। इसमें लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना का चुना तय है।
ओसीए से जारी बयान के मुताबिक, ‘‘ खिलाड़ी एथलीट समिति के 10 सदस्यों के लिए मतदान करेंगे। ये 10 सदस्य ओसीए के पांच क्षेत्रों (पश्चिम एशिया, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, दक्षिण पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया) में से प्रत्येक से एक महिला और एक पुरुष होगा।
दक्षिण एशिया से नामांकन करने वाली एकमात्र महिला खिलाड़ी के तौर पर साइना का चुनाव पक्का है।
ओसीए ने घोषणा की है कि एथलीट 18 सितंबर से छह अक्टूबर तक छह मतदान केंद्रों में से एक पर मतदान कर सकेंगे। मतदान केंद्र हांगझोउ में एथलीटों के गांव में और पांच सह-मेजबानों में एथलीटों के उप-गांवों में स्थित हैं।
इसमें कहा गया है कि परिणाम सात अक्टूबर को खेलों के समापन की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाएंगे और ओसीए मतदान केंद्रों पर अधिक से अधिक एथलीटों को आकर्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा आनन्द पंत
पंत
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
