… कुशान सरकार …
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट की समस्या से उबर रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां खेले जाने वाले मैच से पहले टीम के अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया। उनकी उपलब्धता पर संकट के बादल है तो वहीं वॉशिंगटन सुंदर का टीम से जुड़ना राहत की बात है। भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने अभ्यास सत्र के दौरान मंगलवार को कहा, “वॉशिंगटन सुंदर कल टीम से जुड़ गए हैं और आज अभ्यास करेंगे। अभिषेक को अभी पेट से जुड़ी कुछ परेशानी है, लेकिन उम्मीद है कि कुछ दिनों में वह मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।” इस बीच जसप्रीत बुमराह को लेकर राहत भरी खबर मिली। यह तेज गेंदबाज पूरी तरह फिट नजर आया। उन्होंने शुरुआत में हल्की दौड़ लगाई और फिर स्पाइक्स (क्रिकेट के विशेष जूते) बदलने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव को पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की। बुमराह ने इस दौरान भारतीय कप्तान को अपनी रफ्तार से चकमा देते हुए बोल्ड भी किया। डोएशे ने कहा, ‘‘बुमराह ने 10 दिन तक गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनका मूवमेंट अच्छा है। हम शुक्रवार को अभ्यास के बाद टीम को अंतिम रूप देंगे।” अभ्यास सत्र के दौरान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पूरी तरह नियंत्रण में नजर आए। दोनों ने ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती को सहजता से खेला। तिलक ने इस दौरान लगभग 100 मीटर लंबा छक्का भी लगाया। चोट वापसी कर रहे ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर संभल कर क्षेत्ररक्षण अभ्यास करते हुए दिखे। उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया। वाशिंगटन ने बाद में तिलक वर्मा को गेंदबाजी भी की। अभिषेक बीमारी से उबर रहे हैं, वॉशिंगटन धीरे-धीरे वापसी की ओर है और बुमराह के पूरी लय में लौटने के साथ भारतीय टीम प्रबंधन के सामने मैच से पहले कुछ अहम चयन फैसले लेने की चुनौती है। भाषा आनन्द आनन्द नमितानमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
