scorecardresearch
Tuesday, 27 October, 2026
होमरिपोर्टयोगी बोले-2017 के बाद UP में बदली भर्ती व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बने

योगी बोले-2017 के बाद UP में बदली भर्ती व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बने

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सोच के साथ नवाचार, उद्यमिता और अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश के युवा आगे बढ़ रहे हैं.

Text Size:

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से संभावनाओं को उपलब्धियों में बदल रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर 2017 के बाद प्रदेश में बदली कार्य संस्कृति और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं की नई पहचान का जिक्र किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सोच के साथ नवाचार, उद्यमिता और अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश के युवा आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए वह लखनऊ में आयोजित ‘टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एवं अवार्ड्स 2026’ में शामिल होंगे.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अवसरों की कमी के कारण दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था. उनके मुताबिक, भर्ती में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अव्यवस्था के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय था. प्रतिभा होने के बावजूद उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर और प्रोत्साहन नहीं मिल पाता था.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने कार्य संस्कृति में बदलाव किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने पारदर्शी भर्ती, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए आगे बढ़ने के नए अवसर तैयार किए हैं.

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार देने में भी अपनी पहचान बना रहे हैं. युवा ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

share & View comments