scorecardresearch
Wednesday, 10 June, 2026
होमरिपोर्टसबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड, योगी ने पीएम मोदी को दी बधाई

सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड, योगी ने पीएम मोदी को दी बधाई

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है.

Text Size:

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी है. लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई.

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है.

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित उनकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही उनकी मंगलकामना है.

share & View comments