पंचूर (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम किया.
शनिवार सुबह उन्होंने गांव के बड़े-बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बच्चों को दुलार किया. इस दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह देखने को मिला.
गांव के बच्चों से बातचीत करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें चॉकलेट दी और एक बच्चे को गोद में उठाकर प्रेम से खिलाया. बच्चों ने भी सहज भाव से मुख्यमंत्री से बात की. इस मौके पर गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली.
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने परिजनों से भी मुलाकात की और सभी का कुशलक्षेम जाना. उनकी विनम्रता, सरलता और सहज व्यवहार से स्थानीय लोग भाव-विभोर हो उठे. इसके बाद मुख्यमंत्री गांव में भ्रमण पर निकले और ग्रामीणों व परिचितों से मुलाकात की.
भ्रमण के दौरान एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को फूल भेंट किया, जिसके बदले उन्होंने उस मासूम को खाने का सामान दिया. बच्चे ने वह सामान पास खड़े अपने दादा को दे दिया. यह देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुस्कुराए और प्यार भरे अंदाज़ में बच्चे से कहा, ‘हम भी तेरे दादा लगते हैं.’
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को गांव में रहकर खेती-बाड़ी करने के लिए प्रेरित किया और स्थानीय जीवन से जुड़े रहने का संदेश दिया.
