देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला कांस्टेबलों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2,000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके तहत 1,474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है.
कार्मिक विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना, वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला कांस्टेबलों के समायोजन और भविष्य में उनके प्रमोशन के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति दी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से जनपदीय पुलिस में महिला कांस्टेबलों के पद बढ़ाने का रास्ता साफ होगा. साथ ही, वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला कांस्टेबलों के समायोजन और भविष्य में उनके प्रमोशन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही है. हमारी सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर देने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है.”