देहरादून: उत्तराखंड के आर्थिक सर्वे में राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार, MSME और पर्यटन क्षेत्र में तेज़ प्रगति के संकेत मिले हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये आंकड़े राज्य सरकार के सतत विकास और सुशासन के प्रयासों का परिणाम हैं.
मुख्य सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि राज्य का GSDP 2024-25 में बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2021-22 में 2.54 लाख करोड़ रुपये था. वहीं प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपये से बढ़कर 2,73,921 रुपये हो गई है.
राज्य की विकास दर 7.23 प्रतिशत रही, जबकि बहुआयामी गरीबी दर 9.7 प्रतिशत से घटकर 6.92 प्रतिशत हो गई. रोजगार भागीदारी दर भी 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गई है.
आर्थिक सर्वे के अनुसार राज्य में MSME की संख्या 59,798 से बढ़कर 79,394 हो गई, जबकि इस क्षेत्र में रोजगार 3.43 लाख से बढ़कर 4.56 लाख तक पहुंच गया. वहीं स्टार्टअप की संख्या 2017 में शून्य से बढ़कर 2024-25 में 1,750 हो गई.
पर्यटन क्षेत्र में भी तेजी आई है. राज्य में होटल और अन्य ठहरने की इकाइयां 8,225 से बढ़कर 10,509 हो गईं, जबकि होमस्टे 3,935 से बढ़कर 6,161 हो गए.
सरकार के अनुसार सड़क नेटवर्क, हेलिपोर्ट, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली उत्पादन और कृषि क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है.
