scorecardresearch
Friday, 3 July, 2026
होमरिपोर्टयूपी का आम बनेगा ग्लोबल ब्रांड, गुणवत्ता और एक्सपोर्ट पर योगी का जोर

यूपी का आम बनेगा ग्लोबल ब्रांड, गुणवत्ता और एक्सपोर्ट पर योगी का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन का 26 प्रतिशत हिस्सा देता है. अब केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन और ट्रेसेबिलिटी पर भी ध्यान देना होगा.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने आम की 800 से अधिक किस्मों का अवलोकन किया और कहा कि यूपी के आम को गुणवत्ता, भरोसे और वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करना होगा ताकि उसका निर्यात और बढ़ सके.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन का 26 प्रतिशत हिस्सा देता है. अब केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन और ट्रेसेबिलिटी पर भी ध्यान देना होगा. उन्होंने उद्यान विभाग को अधिक से अधिक आम की किस्मों के लिए जीआई टैग का आवेदन करने के निर्देश दिए.

योगी ने कहा कि मलिहाबाद के आम को ‘काकोरी ब्रांड’ के रूप में पहचान दी गई है, जो देशभक्ति और किसानों की मेहनत का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि यूपी का आम यूके, यूएई, जापान, रूस, सिंगापुर, कतर समेत कई देशों में निर्यात हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट के पास इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क बनाने की भी घोषणा की, जिससे कृषि उत्पादों के निर्यात को और बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने मैंगो टूरिज्म, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, ड्रोन और एआई आधारित खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.

योगी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा तो युवा भी खेती और कृषि आधारित उद्यमिता की ओर आकर्षित होंगे. उन्होंने किसानों के अनुभव साझा करने के लिए अधिक मंच उपलब्ध कराने की भी बात कही.

share & View comments