scorecardresearch
Friday, 25 September, 2026
होमरिपोर्टमध्य प्रदेश में 21 साल बाद फिर शुरू हुई राज्य परिवहन सेवा, 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों की सौगात

मध्य प्रदेश में 21 साल बाद फिर शुरू हुई राज्य परिवहन सेवा, 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों की सौगात

मंत्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक होगी.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश में 21 साल बाद फिर से राज्य परिवहन सेवा की शुरुआत हो रही है. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के जरिए प्रदेशवासियों का सपना पूरा हो रहा है.

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों की सौगात मिली है.

उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में 21 साल बाद फिर से राज्य परिवहन सेवा शुरू हो रही है. इसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो रही है. उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक है और यह परिवहन सेवा राज्य के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनेगी. इस सेवा की शुरुआत में बस मालिकों के हितों का भी ध्यान रखा गया है. यह सेवा प्रदेशवासियों को बेहतर यात्री परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश कनेक्टिविटी, मोबिलिटी और पर्यावरण संरक्षण के साथ सुगम यातायात सुविधा देने वाले देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवहन सुविधा के क्षेत्र में आज स्वर्णिम दिन है. सभी सुविधाओं से लैस बसें प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात हैं. लोक निर्माण विभाग सभी विभागों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

राकेश सिंह ने कहा कि सड़कों के गड्ढे सुधारने के लिए विभाग ने लोकपथ ऐप बनाया है. लोकपथ ऐप नागरिकों के लिए स्मार्ट ट्रैवल पार्टनर बन चुका है. इस ऐप पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों की समय-सारणी भी उपलब्ध होगी.

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में जारी हाईवे प्रोजेक्ट्स के निर्माण कार्यों की समीक्षा की है. केंद्रीय मंत्री गडकरी ने शहपुरा टोल नाके को अस्थायी रूप से बंद करने की मंजूरी भी दी है.

share & View comments