scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमरिपोर्टपुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 के लिए 234 करोड़ की 34 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 के लिए 234 करोड़ की 34 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ मेले का सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन सुनिश्चित करना तथा हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को मजबूत करना है.

Text Size:

हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार पहुंचे और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान कुंभ मेला कंट्रोल भवन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 234.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 34 स्थायी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया.

इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ मेले का सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन सुनिश्चित करना तथा हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को मजबूत करना है.

मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुंभ और चारधाम यात्रा की तैयारियां लगातार की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि 2025 की चारधाम यात्रा समाप्त होते ही 2026 यात्रा की तैयारी शुरू कर दी गई थी और इसके लिए कई बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं. हितधारकों से नियमित रूप से सुझाव भी लिए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि इस बार यात्रा अप्रैल में शुरू होगी, जब स्कूल बंद रहते हैं और श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है. इसलिए यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं और कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हों. उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और इस आयोजन को सफल बनाएं.

वहीं, कुंभ मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. रेलवे से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए हरिद्वार और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

इस संबंध में मेला अधिकारी सोनिका ने रेलवे और मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की.

share & View comments