लखनऊ: उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 मार्च को लोक भवन, लखनऊ में एआई-आधारित सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र 3.0’ का शुभारंभ करेंगे. यह पहल प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देने की दिशा में अहम मानी जा रही है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ‘यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025’ का भी शुभारंभ करेंगे.
कार्यक्रम के दौरान मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीमेंट, फूड प्रोसेसिंग, आयरन एंड स्टील, ऑटोमोबाइल और सेवा क्षेत्र से जुड़ी 85 कंपनियों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (LoC), एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट (EC), भूमि आवंटन पत्र और कुल ₹2,781.12 करोड़ की सब्सिडी प्रदान की जाएगी. इसके साथ ही ‘प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स योजना’ का भी अनावरण किया जाएगा, जो डीबीएफओटी (PPP) मॉडल पर आधारित है और निवेशकों को तुरंत उत्पादन शुरू करने में मदद करेगा.
‘निवेश मित्र 3.0’ को नेक्स्ट-जनरेशन डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जिससे उद्योगों को क्लीयरेंस और मंजूरी की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सरल होगी. निवेश मित्र 2.0 में 43 विभागों की 530 से अधिक सेवाएं शामिल थीं, जबकि नए संस्करण में प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए 40 से अधिक विभागों की 200 से कम सेवाएं रखी गई हैं, जिससे अनावश्यक प्रक्रियाएं कम होंगी और कार्यकुशलता बढ़ेगी.
निवेशकों को बेहतर सुविधा देने के लिए पोर्टल में एआई-आधारित चैटबॉट, आवेदन की स्थिति पर रियल-टाइम एसएमएस अलर्ट, एकीकृत कम्बाइंड एप्लिकेशन फॉर्म (CAF), जीआईएस आधारित लैंड बैंक से भूमि की पहचान और ग्राउंड-ब्रेकिंग से लेकर उत्पादन तक ऑनलाइन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं. इसके अलावा नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (NSWS) से एकीकरण के जरिए केंद्र और राज्य स्तर की स्वीकृतियों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा.
नई प्रणाली में लगभग 25 प्रतिशत कम फील्ड, 15 प्रतिशत कम दस्तावेज और करीब 20 प्रतिशत कम प्रक्रियात्मक चरण रखे गए हैं. इससे निवेशकों के लिए मंजूरी की प्रक्रिया और तेज तथा सुविधाजनक होगी.
वर्ष 2018 में शुरू हुए निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से अब तक 21 लाख से अधिक आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है और 97 प्रतिशत की सफलता दर हासिल हुई है. ‘निवेश मित्र 3.0’ के जरिए डिजिटल गवर्नेंस को और मजबूत किया जाएगा, जिससे निवेश, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा.
कार्यक्रम के दौरान इन्वेस्ट यूपी और Xylemx LLP व Maker Ghat के बीच एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल स्थापित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसके अलावा द कन्वर्जेंस फाउंडेशन के साथ स्किल कनेक्ट सेल के लिए भी समझौता किया जाएगा, जिससे उद्योग और कौशल विकास के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ सहित प्रदेश सरकार और इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. देशभर के निवेशक भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे.
