भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. इनमें मध्य प्रदेश के 13 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के जिन स्टेशनों का उद्घाटन होगा, उनमें विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी, ब्यौहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर शामिल हैं.
भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (DCM) सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल के विदिशा, सांची, अशोकनगर और शिवपुरी स्टेशन इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे.
उन्होंने कहा कि सांची में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री और विदिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं अशोकनगर में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहेंगे.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 80 रेलवे स्टेशनों का करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है. पहले चरण में कुछ स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है, जबकि इस चरण में 13 और स्टेशन जनता को समर्पित किए जाएंगे. बाकी स्टेशनों का उद्घाटन भी काम पूरा होने के बाद आने वाले महीनों में किया जाएगा.
अधिकारियों ने बताया कि इन स्टेशनों का डिजाइन अगले 40 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यहां यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इनमें बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया, बड़े प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं, आधुनिक ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच गाइडेंस सिस्टम और अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं.
स्टेशनों में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह विकसित की गई है, ताकि वे शहर के प्रमुख केंद्र के रूप में भी काम कर सकें.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पहले जहां फुटओवर ब्रिज की चौड़ाई करीब 4.5 मीटर थी, उसे बढ़ाकर 12 मीटर कर दिया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी. उनका कहना है कि ये आधुनिक स्टेशन आने वाले समय में शहरों के विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएंगे.