नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अलग अंदाज में नजर आए. महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना की जमीनी स्थिति जानने के लिए राजभर खुद बस में सवार हुए. उन्होंने अंबेडकरनगर से अतरौलिया तक बस से सफर किया और महिला यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का जायजा लिया.
बस में यात्रा के दौरान राजभर ने महिलाओं से पूछा कि मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ लेने में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है. उन्होंने बसों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और यात्रा के दौरान होने वाली दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली.
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों के घर जाने के लिए यात्रा करती हैं. ऐसे में सरकार की मुफ्त बस सेवा महिलाओं के लिए राहत देने वाली पहल के तौर पर देखी जा रही है. राजभर ने इस दौरान टिकट भी खरीदा और कुछ दूरी तक खड़े होकर सफर किया.
योगी आदित्यनाथ सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का ऐलान किया था. सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की भी घोषणा की है. राजभर का बस में सफर इसी व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने की कोशिश का हिस्सा था.