नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का निधन 2 जनवरी 2026 को 60 वर्ष की आयु में हो गया था. वह दूसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे और फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल मिलनसार, जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि थे और शिक्षा जगत से उनका गहरा नाता रहा. उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम किया.
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन पर भी शोक व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि विजय सिंह गौड़ का निधन 8 जनवरी 2026 को 71 वर्ष की आयु में हुआ था. वह आठ बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे और जनजातीय समाज की प्रभावशाली आवाज माने जाते थे. मुख्यमंत्री ने दोनों दिवंगत सदस्यों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की.
