नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु डिजिटल पहल की शुरुआत की है.
यूपीनेडा के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने www.pmsgy.upneda.co.in पोर्टल का शुभारंभ किया, जिसे योजना में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह पोर्टल आवेदन, स्वीकृति, सोलर संयंत्र स्थापना और भुगतान जैसे सभी चरणों की रियल टाइम निगरानी की सुविधा प्रदान करेगा. इससे अधिकारियों को कार्य प्रगति की सटीक जानकारी मिलेगी और लाभार्थियों को भी अपने आवेदन की स्थिति आसानी से पता चल सकेगी.
सरकारी अधिकारियों के अनुसार यह पहल योगी सरकार के डिजिटल गवर्नेंस मॉडल को मजबूत करती है. केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने भी यूपीनेडा के इस मॉडल की सराहना की है और केंद्रीय स्तर पर इसी तरह का पोर्टल विकसित करने के लिए तकनीकी सहयोग मांगा है. इसके लिए विशेष समिति का गठन किया गया है.
राज्य में अब तक 4.80 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं. सरकार का लक्ष्य ‘हर घर सोलर’ को साकार कर स्वच्छ ऊर्जा, बिजली बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है.