लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सेवा पखवाड़ा 2025 की शुरुआत की. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि मोदी जी केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सबसे दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता हैं. उनके नेतृत्व में भारत का चेहरा बदला है और आज नया भारत पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें स्वास्थ्य, पोषण, रक्तदान और जागरूकता जैसे कार्यक्रम होंगे. इसका पहला चरण “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान है, जिसके अंतर्गत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी गतिविधियां होंगी.
सीएम योगी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं. अर्थव्यवस्था, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन और इंफ्रास्ट्रक्चर—हर क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित हुए हैं. उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, नौजवानों, महिलाओं और वंचित समाज को प्राथमिकता देने का परिणाम है कि 11 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी युग में विरासत का सम्मान केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा. अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का कायाकल्प और महाकाल लोक का निर्माण, दुनिया को भारत की नई पहचान दिला चुके हैं. बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की स्मृतियों से जुड़े कार्य सामाजिक उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए हैं.
सीएम ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही थी, तब मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने बेहतरीन कोविड प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया. सिर्फ 9 महीनों में भारत ने वैक्सीन तैयार की और अपने नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन देने के साथ-साथ दर्जनों देशों को भी मुफ्त वैक्सीन देकर दुनिया के सामने नई मिसाल पेश की.
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत 21 सितंबर को “नमो मैराथन” का आयोजन होगा, जिसमें 17 बड़े शहरों के हजारों युवा हिस्सा लेंगे. 25 सितंबर को अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बूथ स्तर पर मनाई जाएगी. वहीं 2 अक्टूबर को गांधी और शास्त्री जयंती के मौके पर खादी प्रचार-प्रसार और “वोकल फॉर लोकल” अभियान से जुड़े कार्यक्रम होंगे.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का विजन 2047 हमारी दिशा तय करता है. इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा समाज को जोड़ने का अभियान है और हर संस्था इसमें भागीदारी करेगी.
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरणादायक यात्रा है. हर जिले में लगने वाली प्रदर्शनी छात्रों और समाज के लिए प्रेरणा बनेगी.
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
