भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक ब्लॉग लिखकर उनके कार्यकाल को नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय बताया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनना मोदी की कार्यशैली, सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता, देश को सुरक्षित रखने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की सोच का परिणाम है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तब देश की जनता ने केवल एक सरकार नहीं चुनी थी, बल्कि शासन की नई कार्यशैली और राजनीतिक संस्कृति पर भी भरोसा जताया था. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों को यदि तीन शब्दों में समेटा जाए तो वे सेवा, सुशासन और संकल्प हैं.
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को केवल वोट बैंक नहीं माना, बल्कि उन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने का काम किया. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश रही है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने सुशासन को प्राथमिकता देते हुए डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया. इससे आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं की पहुंच आसान हुई है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकतंत्र में संवाद को बेहद महत्वपूर्ण मानते हैं. ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वे लगातार जनता, युवाओं और छात्रों से संवाद करते रहे हैं.
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बड़े और कठिन फैसले लेने की क्षमता देश ने देखी है. उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को राष्ट्रीय लक्ष्य के रूप में स्थापित किया है, जिससे देश में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव की भावना मजबूत हुई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना और पीएम मित्र पार्क जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री का विशेष सहयोग मिला है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर तहसील, भोपाल और इंदौर मेट्रो, एयरपोर्ट विस्तार तथा नक्सलवाद के खात्मे जैसे कार्यों में भी प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिला है. डॉ. यादव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश नक्सल मुक्त हो चुका है और यह प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों का परिणाम है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है और औद्योगिक विकास को गति मिली है. उन्होंने फरवरी 2025 में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री की भागीदारी को मध्य प्रदेश के प्रति उनके विशेष स्नेह का प्रतीक बताया.
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण भी है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी के पुनर्विकास और विश्व स्तर पर योग तथा भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार ने देश के सांस्कृतिक आत्मविश्वास को मजबूत किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को केवल योजनाओं और आंकड़ों के आधार पर नहीं देखा जा सकता. यह कालखंड भारत के आत्मविश्वास, आकांक्षाओं और राष्ट्रीय चेतना के पुनर्जागरण का कालखंड है और नए भारत की मजबूत आधारशिला है.