scorecardresearch
Sunday, 22 February, 2026
होमरिपोर्टखजुराहो नृत्य समारोह हमारी राष्ट्रीय धरोहर: सीएम मोहन यादव

खजुराहो नृत्य समारोह हमारी राष्ट्रीय धरोहर: सीएम मोहन यादव

52वें अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ, वीडियो कॉन्फ्रेंस से मुख्यमंत्री ने किया संबोधन.

Text Size:

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह हमारी राष्ट्रीय धरोहर है और खजुराहो ऐसा स्थान है, जहां पत्थरों में भी प्राण बसते हैं. उन्होंने कहा कि कंदरिया महादेव मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, वामन मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर और पार्वती मंदिर जैसे देवालय भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं.

मुख्यमंत्री ने विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में शुरू हुए सात दिवसीय 52वें अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदि संस्कृति और सनातन संस्कृति को जोड़ने का आह्वान किया है और मध्यप्रदेश सरकार विभिन्न कलाओं के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से राज्य के बजट में संस्कृति विभाग के लिए राशि बढ़ाई गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का खजुराहो नृत्य समारोह भगवान नटराज को समर्पित है और यह भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को भगवान शिव से जोड़ने का अनूठा प्रयास है. उन्होंने समारोह में आए देश-विदेश के प्रमुख नृत्य कलाकारों का स्वागत भी किया.

समारोह के शुभारंभ अवसर पर संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने चार पुस्तकों का विमोचन किया. इनमें नटराज पर आधारित पुस्तक, खजुराहो और नृत्य समारोह पर कॉफी टेबल बुक, बुंदेली इतिहास-संस्कृति और बुंदेलखंड की विरासत से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं.

यह सात दिवसीय समारोह संस्कृति विभाग और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग और छतरपुर जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है.

शुभारंभ दिवस पर पहली प्रस्तुति दिल्ली की संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित नृत्यांगना मैत्रेयी पहाड़ी ने कथक नृत्य के रूप में दी. इसके बाद चेन्नई की अनुराधा वेंकटरमन ने भरतनाट्यम और भुवनेश्वर की शुभदा वरडाकर ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया.

समारोह के दूसरे दिन 21 फरवरी को दिल्ली के विश्वदीप कथक, झारखंड के प्रभात मेहतो छाऊ और कजाकिस्तान की अक्मारल काइना रोवा भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी.

share & View comments