scorecardresearch
Wednesday, 8 July, 2026
होमरिपोर्टझारखंड के आम्रपाली आम ने दुबई में बनाई पहचान, महिला किसानों को मिला 180% ज्यादा दाम

झारखंड के आम्रपाली आम ने दुबई में बनाई पहचान, महिला किसानों को मिला 180% ज्यादा दाम

एक मीट्रिक टन आम गुमला जिले की एमवीएम बाघिमा पलकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से लिया गया, जबकि दूसरा एक मीट्रिक टन देवघर जिले की मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसाइटी से आया.

Text Size:

नई दिल्ली: झारखंड के गुमला और देवघर के आम्रपाली आम अब दुबई के बाजारों तक पहुंच गए हैं. कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की मदद से दो मीट्रिक टन आम्रपाली आम का पहला व्यावसायिक निर्यात दुबई भेजा गया है. इस पहल से महिला किसान उत्पादक कंपनियों (FPC) को स्थानीय बाजार की तुलना में 180 प्रतिशत अधिक कीमत मिली है.

यह खेप दुबई के लुलु स्टोर्स में बिक्री के लिए भेजी गई है. निर्यात का काम फेयर एक्सपोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड ने किया. आम तीन महिला संचालित किसान उत्पादक कंपनियों से खरीदे गए, जिन्हें पलाश-झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) बढ़ावा देती है.

एक मीट्रिक टन आम गुमला जिले की एमवीएम बाघिमा पलकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से लिया गया, जबकि दूसरा एक मीट्रिक टन देवघर जिले की मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसाइटी से आया.

इन बागों को आदिवासी महिला किसानों ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित किया है, जिसे मनरेगा और झारखंड सरकार के सहयोग से लागू किया गया. इन तीनों किसान उत्पादक कंपनियों में 1,500 से अधिक शेयरधारक हैं और ये मिलकर 50 हजार से ज्यादा किसानों का प्रतिनिधित्व करती हैं.

खेप को संबंधित जिलों के उपायुक्त, उप-विकास आयुक्त, APEDA, JSLPS और अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना किया गया.

APEDA ने किसानों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, फसल कटाई के बाद प्रबंधन और निर्यात प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए गुमला में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया. इसके अलावा देवघर में महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए निर्यात उन्मुख क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 105 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.

इस कार्यक्रम में महिलाओं को APEDA की योजनाओं, वित्तीय सहायता, निर्यात प्रक्रिया और वैश्विक कृषि व्यापार में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई.

share & View comments