देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की वह खुद निगरानी कर रहे हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर अनुभव सुनिश्चित किया जा सके.
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा, “कुंभ मेला 2027 की तैयारियां चल रही हैं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और उन्हें अच्छा अनुभव मिले. मैं खुद काम की समीक्षा कर रहा हूं. सभी लोग इसकी सफलता के लिए अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.”
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार का दौरा कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया. दमकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले साल होने वाले इस भव्य और दिव्य आयोजन की सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पूरी क्षमता और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक संगठनों, संतों और सभी हितधारकों के सहयोग से कुंभ मेले का भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा.
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी और प्रस्तावित परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दी जाएगी. इस संबंध में उन्होंने बैठक के दौरान मुख्य सचिव से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए.
समीक्षा के दौरान सड़कों, पुलों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक मैनेजमेंट और पार्किंग से जुड़े स्थायी ढांचे के कामों की प्रगति पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने इन कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूरा होने पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि चारधाम यात्रा, मानसून और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए विभाग अपनी कार्य योजना तैयार करें और बेहतर समन्वय के साथ काम जारी रखें.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए जल्द मंजूरी दी जाएगी.
बैठक में मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सड़क, पुल, घाट, पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़े 33 स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है और ये तय समय के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर जाने वाले मार्गों के सुधार की योजना को मंजूरी मिल चुकी है. इसके अलावा बैठक में अन्य प्रस्तावित कार्यों और अस्थायी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई.
