गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगई और धमकी से जुड़े मामलों में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई आरोपी जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमकाता है तो उसकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए.
गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं.
मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना सरकार का संकल्प है और अधिकारियों को बिना भेदभाव सभी को न्याय दिलाना चाहिए. उन्होंने भू-माफिया और दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए.
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल से इलाज का अनुमान मिलते ही सरकार आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात कर उन्हें स्नेह दिया और चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद भी दिया. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.
