नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, “हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने प्रधानमंत्री @narendramodi से मुलाकात की.”
Chief Minister of Haryana, Shri @NayabSainiBJP met Prime Minister @narendramodi.@cmohry pic.twitter.com/Rg1fGg0BHh
— PMO India (@PMOIndia) February 2, 2026
इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे जन-केंद्रित और 2047 तक विकसित भारत के विजन के अनुरूप बताया था. पंचकूला में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दर्शाता है और इस दिशा में एक अहम पड़ाव साबित होगा.
उन्होंने बजट को दूरदर्शी दस्तावेज बताते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत 2047 का सपना इस बजट के जरिए और मजबूत होगा. यह एक ऐतिहासिक और विजनरी बजट है. गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर यह बजट गरीब से गरीब व्यक्ति के कल्याण को समर्पित है.”
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बजट के तीन मुख्य स्तंभ गति, क्षमता और समावेशी विकास हैं.
गौरतलब है कि रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया, जो उनका लगातार नौवां बजट था. बजट में सार्वजनिक पूंजीगत खर्च को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव है, जो पिछले वर्ष 11.2 लाख करोड़ रुपये था.
बजट में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और अगले पांच वर्षों में 20 राष्ट्रीय जलमार्गों को चालू करने की घोषणा की गई है. कर व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए नया आयकर कानून 2025 को अप्रैल 2026 से लागू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे करदाताओं के लिए नियमों को सरल बनाया जाएगा.
