नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश के कई जनपदों में हुई बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जिलाधिकारियों से असमय बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित सरकार की प्राथमिकता है और प्रभावित किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने फसल नुकसान का शीघ्र आकलन कर पूरी जानकारी एकत्र करने और जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए. राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा गया है.
सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर आपदा में किसानों के साथ खड़ी है. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और फील्ड में रहकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके.
