लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों और पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं.
उन्होंने कहा कि सभी त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों और किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए.
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 और 15 मार्च को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा में करीब 15.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे.
ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने, प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की तैनाती और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
साथ ही चैत्र नवरात्र के दौरान प्रमुख शक्तिपीठों में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और जमाखोरी या कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
