नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के पूर्व गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भारत मां का महान सपूत, प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल अधिवक्ता और दूरदर्शी प्रशासक बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के कार्य आज भी समाज और शासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनका जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था, जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा था. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर उन्होंने वकालत छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1937 में वह संयुक्त प्रांत के प्रीमियर बने और बाद में उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला रखी. गृह मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश को महत्वपूर्ण सेवाएं दीं और राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में बड़ी भूमिका निभाई.
