गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद लोगों को आवास दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज में आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और हर समस्या का प्रभावी समाधान करने के लिए संकल्पित है.
गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 100 लोगों से मुलाकात की. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं. लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाए. पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए.
जनता दर्शन में एक महिला ने आवास की समस्या बताई. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की आवास योजना के तहत घर दिलाया जाएगा. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर बेहतर इलाज हो सके.
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को चॉकलेट देकर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो.
