गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया. इस मौके पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ झंडे के सामने सेल्फी भी ली और सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, बल्कि संस्कार की यात्रा है. यह विस्तार की नहीं, बल्कि विचार की यात्रा है और ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
'तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें'
दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर आज जनपद गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया।
भारतीय जनता पार्टी ने 'राष्ट्र सर्वोपरि'… pic.twitter.com/YzwGuWSbzg
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 6, 2026
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई. उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के लोकतांत्रिक आदर्शों और सनातन मूल्यों से प्रेरित एक विचार परंपरा है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देशवासियों की उम्मीदों को शक्ति दे रहा है.
इस अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, नगर निगम के उपसभापति पवन त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पार्षद दुर्गेश बजाज, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
