scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमरिपोर्टसीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ किया

सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ किया

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगाए गए कई स्टालों का निरीक्षण किया. उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके आजीविका कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली.

Text Size:

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने रायपुर नगर निगम सहित अन्य नगरीय निकायों की स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने वाले डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मुख्यमंत्री ने खुद हाथ में झाड़ू उठाकर परिसर की सफाई की और आमजन से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि “अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है. इस पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम होंगे और इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.”

साय ने विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और स्वप्रेरणा से जुड़ाव समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को याद करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री सदैव स्वच्छता पर जोर देते हैं और देश को स्वच्छ बनाने का बड़ा लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. हमें इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए.”

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगाए गए कई स्टालों का निरीक्षण किया. उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके आजीविका कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, सीएसपीडीसीएल, क्रेडा की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन से जुड़े मॉडल और स्व-सहायता समूह के उत्पादों के स्टॉल भी देखे.

सीएम ने “खुशियों का ठेला” अभियान से जुड़ी महिला वेंडर्स को प्रोत्साहित किया और उन्हें ऑनलाइन लेन-देन की सुविधा के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स भी प्रदान किया.

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

share & View comments