नई दिल्ली: मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को गुजरात के वडोदरा में पूज्य महंत स्वामी महाराज की 92वीं जन्म वर्षगांठ के अवसर पर उनके दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया. इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल भी उपस्थित रहे.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 92वें जन्मजयंती महोत्सव में 15,666 बच्चों द्वारा एक साथ ‘सत्संग दीक्षा’ ग्रंथ के 315 श्लोकों के सामूहिक पाठ को एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात की धरती ने धर्म, आध्यात्म, सनातन परंपरा, मानव कल्याण और सेवा मूल्यों को विश्वभर में फैलाने का कार्य किया है. इसी भूमि से महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे महान व्यक्तित्वों ने देश को दिशा दी. आज यह परंपरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह आगे बढ़ा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वडोदरा केवल एक शहर नहीं, बल्कि भक्ति और सेवा की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है. संतों की शिक्षाएं बच्चों को संस्कारित कर भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखेंगी.
