देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक की. उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा. सभी अपराधों पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए.
मुख्यमंत्री ने आदतन और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में कानून का डर बना रहे और लोग सुरक्षित महसूस करें.
सीएम धामी ने पुलिस को पूरी सक्रियता, सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा. थानों और चौकियों की व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और शहरों में यातायात व सुरक्षा सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
सरकार “अपराध मुक्त उत्तराखंड” के संकल्प के साथ काम कर रही है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, गृह सचिव, एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर), गढ़वाल कमिश्नर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
