भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 22 सितंबर को भोपाल के ऐतिहासिक चौक बाजार में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी प्रचार अभियान में शामिल होंगे. कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:30 बजे भवानी मंदिर, सोमवारा चौक पर होगा, जहां मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा. इस अवसर पर वे शारदीय नवरात्र की घट स्थापना पर कर्फ्यू वाली माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर शुभाशीष प्राप्त करेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव चौक बाजार में पुलिस चौकी से दीपाली साड़ी प्रतिष्ठान तक पैदल भ्रमण करेंगे. इस दौरान वे बाजार में आए ग्राहकों और व्यापारियों से जीएसटी के बारे में चर्चा करेंगे. व्यापारियों को जीएसटी रेज़ोल्यूशन की प्रतियां वितरित की जाएंगी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा.
मुख्यमंत्री प्रचार अभियान के दौरान स्वदेशी हैंडलूम और खादी कपड़े से बने परिधान खरीदेंगे. साथ ही आमजन को डिजिटल पेमेंट प्रणाली अपनाने के लिए जानकारी देंगे और इसे बढ़ावा देंगे.
अपरान्ह 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री मोतीलाल मन्नूलाल धर्मशाला पहुंचेंगे, जहां वे व्यापारिक, वाणिज्यिक और सामाजिक संगठनों के करीब 300 प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे. इस अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती से क्रेता और विक्रेता को मिलने वाले लाभों की जानकारी भी साझा की जाएगी.
