भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 अगस्त को होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे. उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे बात कर उनका हालचाल जाना.
CM डॉ. यादव को बताया गया कि प्रदेश में अब तक 527 बाढ़ प्रभावित लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है. राहत और बचाव का काम लगातार जारी है. स्थिति की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने राहत-बचाव कार्य में लगे मैदानी अमले को जरूरी निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि अभी बारिश का समय है. इस बार प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है. जिन इलाकों में ज्यादा बारिश हुई है, वहां लोगों तक राहत पहुंचाने का काम लगातार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि रेस्क्यू टीम ने अभी तक 527 लोगों की जान बचाई है. खंडवा में 7 कांवड़ियों का भी रेस्क्यू किया गया है. बारिश के दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरे की स्थिति बन जाती है.”
CM डॉ. यादव ने कहा कि रेस्क्यू टीम दिन-रात बचाव कार्य में जुटी है. उन्होंने कहा कि आज होमगार्ड ऑफिस में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और रेस्क्यू किए गए लोगों से भी बात की.
उन्होंने कहा, “जिन लोगों के घर नदी-नालों के किनारे बने हैं, मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे विशेष सावधानी बरतें. जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों से भी मदद लें. हम प्रदेश स्तर पर भी लगातार निगरानी कर रहे हैं.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर स्तर पर आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए काम कर रही है. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है.