हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पत्रकारों की जीवनशैली, अधिक कार्यभार और अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की शुरुआत की गई.
इसी क्रम में गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एकदिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया.
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल और संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने शिविर का निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की.
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता एक सशक्त लोकतंत्र की नींव है, क्योंकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया प्रशासन को जवाबदेह बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाता है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर संवेदनशील है और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
मुख्यमंत्री धामी की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप आयोजित इस शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायरॉइड तथा विभिन्न रक्त जांच सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और फिजिशियन द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए. जांच के बाद आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं.
हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने शिविर में भाग लिया. इस शिविर से 100 से अधिक पत्रकारों और उनके परिवार के सदस्य लाभान्वित हुए.
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर सभी क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकतम मीडिया कर्मी और आम नागरिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें.
यह शिविर राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसके तहत “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना के साथ समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं.
शिविर का संयुक्त उद्घाटन जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत और संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया.
