रायपुर: विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 राज्य की मजबूत, संतुलित और विकास की ओर बढ़ती अर्थव्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, किसान-हितैषी फैसलों, औद्योगिक निवेश और सेवा क्षेत्र के विस्तार से राज्य नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) बढ़कर करीब 6 लाख 31 हजार 291 करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जिसकी वृद्धि दर 11.57 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है. उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि राज्य के सभी प्रमुख क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार कृषि और संबद्ध क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है. यह किसानों की मेहनत, नई तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सरकार की योजनाओं का परिणाम है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और समृद्ध किसान ही विकसित राज्य की मजबूत नींव हैं.
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से औद्योगिक शक्ति के रूप में उभर रहा है. उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है और राज्य की अर्थव्यवस्था में इसका योगदान करीब 49 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है. उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ रहा है और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है. शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटी और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं और अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर करीब 1.79 लाख रुपये होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से 10.07 प्रतिशत अधिक है. उन्होंने कहा कि यह लोगों की बढ़ती आय और राज्य की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का संकेत है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर परिवार की आय बढ़े, जीवन स्तर बेहतर हो और समृद्धि हर घर तक पहुंचे. उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा.
