नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने शनिवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों नेताओं की मुलाकात राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में हुई, जहां भारत-ब्राजील संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की गई.
इससे पहले राष्ट्रपति लूला का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया. उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया. राष्ट्रपति लूला ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की.
राष्ट्रपति लूला ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्राजील की ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (एपेक्स) के पहले कार्यालय का उद्घाटन भी किया. उन्होंने कहा कि इससे ब्राजील के उत्पाद और सेवाओं को वैश्विक बाजार में बढ़ावा मिलेगा और विदेशी निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी.
भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ दा नोब्रेगा ने कहा कि राष्ट्रपति लूला और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बहुत अच्छी समझ और दोस्ती है, जिससे दोनों देशों के संबंध ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति लूला भारत की राजकीय यात्रा पर 11 कैबिनेट मंत्रियों, 300 से अधिक कारोबारियों और 50 सीईओ के बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ आए हैं.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2025 में ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया का दौरा किया था, जो 50 से अधिक वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा थी. राष्ट्रपति लूला की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.
